
"जाति-सूचक गाली दी, बाल खींचे," UGC नियमों पर इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में बवाल
The Quint
UGC Regulations: UGC की नई गाइडलाइंस के समर्थन में आयोजित चर्चा के दौरान इलाहाबाद विश्वविद्यालय में ABVP से जुड़े छात्रों ने दिशा छात्र संगठन के छात्रों पर हमला किया, जिसमें कई घायल हुए.
उच्च शिक्षण संस्थानों में भेदभाव से जुड़े मुद्दों को लेकर विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) द्वारा जारी नई गाइडलाइंस पर सुप्रीम कोर्ट की रोक के बाद भी विवाद जारी है. इलाहाबाद विश्वविद्यालय में गाइडलाइंस के समर्थन में आयोजित एक चर्चा के दौरान मारपीट की घटना सामने आई है, जिसमें दिशा छात्र संगठन के कई छात्र घायल हो गए.
दिशा से जुड़े छात्रों का आरोप है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़े छात्रों ने दिशा छात्र संगठन के छात्रों पर हिंसक हमला किया.
29 जनवरी को सुप्रीम कोर्ट द्वारा UGC रेगुलेशन पर रोक लगा दिया गया था, हालांकि देशभर के कई विश्वविद्यालयों में इन गाइडलाइंस के समर्थन में कार्यक्रम और प्रदर्शन जारी हैं.
