
भारत के एआई समिट की चर्चा विदेशी मीडिया में कुछ और ही वजह से
BBC
भारत में आयोजित एआई समिट में ओपन एआई और एंथ्रोपिक के सीईओ के बीच दिखी असहजता को लेकर अमेरिकी मीडिया में कई तरह की बातें की जा रही हैं.
भारत में एआई इम्पैक्ट समिट 16 फ़रवरी से शुरू हुआ और 20 फ़रवरी को कई दूसरी वजहों से चर्चाओं के साथ संपन्न होने जा रहा है.
नई दिल्ली में इस समिट का असर कमोबेश वैसा ही दिखा, जैसा 2023 में भारत में आयोजित जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान था.
इस समिट में ओपन एआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने अनुमान लगाया कि सुपरइंटेलिजेंस के शुरुआती वर्जन दो वर्षों के भीतर आ सकते हैं और एंथ्रोपिक पीबीसी के सीईओ डारियो अमोदेई ने कहा कि एआई अरबों लोगों को ग़रीबी से बाहर निकाल सकता है और सभी के लिए एक बेहतर दुनिया बना सकता है.
लेकिन ऑल्टमैन और डारियो अमोदेई की चर्चा इन दोनों बयानों से अलग एक-दूसरे के हाथ पकड़ ऊपर उठाने से बचने वाले वीडियो क्लिप के कारण हो रही है. इस वीडियो क्लिप की चर्चा अमेरिकी मीडिया में भी हो रही है.
अमेरिकी मीडिया आउटलेट ब्लूमबर्ग ने लिखा है, ''एक बार का प्रतिद्वंद्वी, हमेशा के लिए प्रतिद्वंद्वी होता है. जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में भारत के एआई समिट के सबसे व्यस्त दिन की शुरुआत की तो उन्होंने 13 अन्य व्यावसायिक और राजनीतिक नेताओं के साथ एक फोटो ऑफ आयोजित किया.''
''सभी नेता एक क़तार में खड़े होकर एक-दूसरे के हाथ पकड़कर अपने सिर के ऊपर उठाए हुए थे. लेकिन दो लोगों को छोड़कर. ओपनएआई और एंथ्रोपिक पीबीसी के प्रतिद्वंद्वी सीईओ सैम ऑल्टमैन और डारियो अमोदेई को एक-दूसरे के पास खड़ा किया गया था. लेकिन उन्होंने असहजता के साथ एक-दूसरे का हाथ पकड़ने से इनकार कर दिया. वे अपने हाथ हवा में क्रॉस करके खड़े रहे और एक-दूसरे से नज़रें मिलाने से बचते रहे.''
