
इसराइल और यूरोप की कंपनियां कैसे अब खाने के लिए टिड्डे और झींगुर जैसे कीड़े तैयार कर रही हैं?
BBC
ये कंपनियां न केवल इन कीड़ों को आधुनिक तरीके से तैयार कर रही हैं, बल्कि इसे इंटरनेट के जरिए कई देशों में बेचा भी जा रहा है. लेकिन चुनौती ये है कि कई देशों में इन कीड़ों को खाने को लेकर लोग असहज हैं.
कई कंपनियां अब मानव उपभोग के लिए टिड्डियों और खाने के कीड़ों की खेती कर रही हैं.
काफी लंबे वक़्त से सुझाव दिया जा रहा है कि पर्यावरण की बेहतरी के लिए हमें कीड़े खाना शुरू कर देना चाहिए. लेकिन हम में से कइयों को यह विचार अच्छा नहीं लगता.
इसराइल की एक कंपनी को उम्मीद है कि स्वादिष्ट बनाने के कई मसाले मिलाने से ये नापसंदगी दूर हो सकती है.
खाद्य तकनीक की कंपनी हरगोल के प्रमुख ड्रोर तामीर भूरे रंग के मिठाई का एक पैकेट खोलते हुए कहते हैं, ''खाकर देखिए.''
गम्मी (एक तरह की जेली) को सोयाबीन की चटनी या जिलेटिन के साथ पैक करने की बजाय इसे प्रोटीन के साथ पैक किया गया है. इस प्रोटीन को खाने योग्य कीड़ों यानी टिड्डों से बनाया जाता है.
