
Weather Update: पूर्व, पश्चिम, मध्य भारत में हो सकती है भारी बारिश, हिमाचल में बादल फटने से फंसे 175 पर्यटक
NDTV India
देश के कई इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते जन-जीवन अस्त-व्यस्त है. मौसम विभाग ने आज शुक्रवार के लिए कई राज्यों में भारी बारिश का अनुमान जताया है. राजस्थान में भारी बारिश की आशंका के बीच रेड अलर्ट जारी किया गया है.
पूर्वी, पश्चिमी और मध्य भारत में एक अगस्त तक भारी बारिश का अनुमान है, जबकि हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति में बारिश के कारण बादल फटने और भूस्खलन से 175 पर्यटक फंस गए. वहीं, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में बारिश से संबंधित अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई. जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के होंजार गांव में बादल फटने की घटना के बाद लापता 20 लोगों का पता लगाने का अभियान बृहस्पतिवार को जारी रहा. दिल्ली तथा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के विभिन्न भागों में भारी बारिश हुई जिससे तापमान में गिरावट आयी. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी. बारिश के कारण सड़कों पर जलजमाव हो गया और यातायात बाधित हुआ. दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में भारी बारिश के कारण झुग्गी की छत गिरने से एक 40 वर्षीय महिला की मौत हो गई और उसकी बेटी घायल हो गई. पुलिस ने कहा कि नवजीवन कैंप में ''झुग्गी'' की पहली मंजिल की छत भारी बारिश के कारण गिर गई.











