
Weather Update: आ रहा शाहीन तूफान, 7 राज्यों में मचा सकता है भारी तबाही; 3 दिन की चेतावनी जारी
Zee News
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चक्रवाती तूफान शाहीन (Cyclone Shaheen) को लेकर चेतावनी जारी की है और बताया है कि गुजरात और बिहार समेत 7 राज्यों में अगले 3 दिनों तक भारी बारिश हो सकती है.
नई दिल्ली: गुजरात और बिहार समेत 7 राज्यों में अगले 3 दिनों तक भारी बारिश हो सकती है. इसको लेकर भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अलर्ट जारी किया है और भविष्यवाणी की है कि अगले 12 घंटों में चक्रवाती तूफान शाहीन (Cyclone Shaheen) के मजबूत होने के आसार हैं. इससे पहले 26 सितंबर को आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय क्षेत्रों में चक्रवाती तूफान गुलाब (Cyclone Gulab) ने तबाही मचाई थी, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई थी.
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, मौसम विभाग (IMD) की बुलेटिन के अनुसार, गहरा दबाव अब चक्रवात शाहीन (Cyclone Gulab) में बदल गया है, जो भारत के अलावा पाकिस्तान और ईरान के पास स्थित है. चक्रवाती तूफान का असर बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और गुजरात में देखने को मिल सकता है और इन राज्यों में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना है.
