)
T20I में Team India के खिलाफ छक्कों की बारिश करते हैं यह 5 खिलाड़ी, डेविड मिलर ने रचा इतिहास
Zee News
Most sixes in T20Is against India: साउथ अफ्रीका टीम के मैच विनर प्लेयर डेविड मिलर जब-जब टीम इंडिया के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल खेले तब-तब उन्होंने कमाल किया है. उनके नाम मेन इन ब्लू के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड दर्ज हो गया है.
Most sixes in T20Is against India: टी20 विश्व कप 2026 में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में खेल रही टीम इंडिया को 22 फरवरी को बड़ा झटका लगा. सुपर 8 के मुकाबले में उसे साउथ अफ्रीका ने 76 रनों से बड़ी शिकस्त दी. अफ्रीका ने पहले बैटिंग करते हुए 187 रन बनाए थे और फिर भारत को 111 रनों पर समेट दिया. अफ्रीका की जीत के हीरो डेविड मिलर रहे, जिन्होंने 35 बॉल पर 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से 63 रनों की उम्दा पारी खेली. इस पारी ने ना सिर्फ अफ्रीकी टीम की जीत की नींव रखी बल्कि मिलर के करियर में एक खास रिकॉर्ड जोड़ दिया.
डेविड मिलर अब टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के खिलाफ छक्के लगाने वाले टॉप 5 बल्लेबाजों की लिस्ट में नंबर 1 पर काबिज हो चुके हैं. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जब साउथ अफ्रीका शुरुआती झटकों से जूझ रहा था, मिलर ने पारी को ना सिर्फ संभाला बल्कि बल्ले से इतिहास रच दिया.
बाएं हाथ के धाकड़ बल्लेबाज डेविड मिलर अब भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल सिक्स मारने वाले बैटर बन गए हैं. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल को पछाड़ दिया है. मैक्सवेल ने 38 सिक्स मारे थे, जबकि मिलर 39 छक्कों के साथ नंबर 1 पर काबिज हो चुके हैं. मैच के बाद डेविड मिलर ने कहा 'भारत जैसी बड़ी टीम के खिलाफ एक बड़े मैच में ऐसा प्रदर्शन करना वाकई बहुत अच्छा लगा.'
टी20 इंटरनेशल में टीम इंडिया के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप 5 बल्लेबाजों की लिस्ट में निकोलस पूरन, दासुन शनाका और एविन लुईस का नाम भी है. ये वही बैटर हैं, जो भारत के खिलाफ छक्कों की बारिश करने के लिए पहचाने जाते हैं.
अगर मैच की बात करें तो अफ्रीका ने पहले बैटिंग करते हुए 4 ओवर में 20 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे. यहां से लगा कि टीम इंडिया यह मैच जीत लेगी, लेकिन फिर मिलर ने डेवाल्ड ब्रेविस के साथ 97 रनों की अहम साझेदारी करके टीम इंडिया को बैकफुट पर भेज दिया. उन्होंने 35 गेंदों पर 63 रन ठोके, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल रहे, जबकि ब्रेविस ने 29 बॉल पर 3 चौके और 3 छक्के ठोके. 20 ओवरों में अफ्रीका ने 7 विकेट खोकर 187 रन बनाए. फिर टीम इंडिया को 111 रनों पर समेट दिया. उसने भारत को 76 रनों से मात दी, जो टी20 विश्व कप के इतिहास में टीम इंडिया की रनों के मामले में सबसे बड़ी हार भी रही.
