)
T20 World Cup 2026: इस गलती के कारण हाथ से निकल गया मैच... टीम इंडिया की हार के बाद बरसे कप्तान सूर्या
Zee News
India vs South Africa: भारत ने 2024 में वेस्टइंडीज और अमेरिका में हुए पिछले टी20 वर्ल्ड कप में एक भी मैच नहीं गंवाते हुए खिताब जीता था, जबकि मौजूदा टूर्नामेंट में उसकी यह पहली हार है. यह रनों के लिहाज से भारत की दूसरी सबसे बड़ी हार भी है.
T20 World Cup 2026: साउथ अफ्रीका ने टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मैच में 76 रन से हरा दिया है. डेविड मिलर के तूफानी अर्धशतक के बाद मार्को यानसेन की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से साउथ अफ्रीका ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 दौर के एकतरफा मैच में रविवार को भारत को 76 रन से रौंद दिया. साउथ अफ्रीका ने इसी के साथ ही टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया के विजयी क्रम पर रोक लगा दी. भारत ने 2024 में वेस्टइंडीज और अमेरिका में हुए पिछले टी20 वर्ल्ड कप में एक भी मैच नहीं गंवाते हुए खिताब जीता था, जबकि मौजूदा टूर्नामेंट में उसकी यह पहली हार है. यह रनों के लिहाज से भारत की दूसरी सबसे बड़ी हार भी है.
टीम इंडिया की हार के बाद क्या बोले कप्तान सूर्या?
सूर्यकुमार यादव ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ टीम इंडिया की हार के बाद कहा, 'कुल मिलाकर, अगर हम देखें, तो हमने बहुत अच्छी बॉलिंग की, लेकिन हम थोड़ी और बेहतर बैटिंग कर सकते थे. मेरी बात यह है कि कभी-कभी आपको सोचना पड़ता है, अगर आप 180-185 का पीछा कर रहे हैं, तो आप पावरप्ले में मैच नहीं जीत सकते, लेकिन आप पावरप्ले में मैच हार सकते हैं. हमने पावरप्ले में बहुत सारे विकेट गंवा दिए और फिर हम छोटी-छोटी पार्टनरशिप नहीं कर पाए, जो हम 180-185 का पीछा करने के लिए चाहते थे, लेकिन यह गेम का हिस्सा है.'
मजबूत होकर वापस आएंगे
सूर्यकुमार यादव ने कहा, 'हम इससे सीखते हैं, हम आराम से बैठेंगे और फिर और मजबूत होकर वापस आएंगे. मुझे लगता है कि हर कोई जानता है कि उनका कॉम्बिनेशन (बुमराह-अर्शदीप) बहुत खतरनाक रहा है. दोनों साथ में काफी खेले हैं. अगर आप आज भी देखें, तो दोनों ने आठ ओवर डाले, लगभग पांच विकेट लिए और लगभग 45-50 रन दिए. अगर मैं गलत नहीं हूं, तो मैं नंबर्स में अच्छा नहीं हूं, लेकिन उन्होंने पार्टनरशिप में बहुत अच्छी बॉलिंग की और हम उनसे यही चाहते हैं.'
