
RSS ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हुए हमले को बंगाल में चुनाव बाद की हिंसा से जोड़ा, कही ये बात
Zee News
बंगलादेश में हिंदुओं पर हुए हमले को संघ पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हुई हिंसा से जोड़कर देख रहा है. संघ की राज्य इकाई के महासचिव जिष्णु बसु का कहना है कि यदि आप बांग्लादेश में हिंसा के तौर-तरीकों को देखें, तो समझ आ जाएगा कि घटना के पीछे का कारण पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद की हिंसा है.
कोलकाता: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का मानना है कि बांग्लादेश (Bangladesh) में हिंदुओं पर हुए हमले (Attack on Hindus) की वजह पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हुई हिंसा है. संघ की राज्य इकाई ने बंगाल में हुई हिंसा को पड़ोसी बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हमलों के लिए ट्रिगर के रूप में जिम्मेदार ठहराया और इस मुद्दे पर चुप्पी साधे रखने के लिए बुद्धिजीवियों को फटकार लगाई है.
RSS के राज्य महासचिव जिष्णु बसु (Jishnu Basu) ने दावा किया कि इस साल की शुरुआत में हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा की हार के बाद हिंदुओं पर हमले से बांग्लादेश के कट्टरपंथियों को प्रोत्साहित किया गया था और इससे वहां हिंदुओं को निशाना बनाया गया. बसु ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए कहा कि यदि आप बांग्लादेश में हिंसा के तौर-तरीकों को देखें, तो आप समझेंगे कि घटना के पीछे का कारण पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद की हिंसा है. हिंदू बंगालियों पर हमले ने एक संदेश दिया कि हिंदू हार गए हैं और इसने सीमा के दूसरी ओर कट्टरपंथियों को वहां हिंदू अल्पसंख्यकों पर हमले करने के लिए प्रोत्साहित किया.
