
Raj Thackeray Ayodhya Visit canceled: रामलला के दर्शन नहीं कर पाएंगे राज ठाकरे, जानें- क्यों रद्द हुआ अयोध्या का दौरा
Zee News
बता दें कि मनसे की ओर से 'मराठी मानुस' का समर्थन करते हुए साल 2008 में एक आंदोलन किया गया था. इस दौरान रेलवे परीक्षा देने के लिए मुंबई के कल्याण पहुंचे उत्तर भारतीय उम्मीदवारों से कथित तौर पर मारपीट की गई थी. घटना के बाद देश भर में इसकी निंदा हुई थी.
मुंबईः महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे का अयोध्या दौरा रद्द हो गया है. सूत्रों ने इस बात की जानकारी दी है. राज ठाकरे की ओर से प्रस्तावित अयोध्या दौरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी के सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने विरोध जताया था. उन्होंने चेतावनी दी थी कि जब तक राज ठाकरे उत्तर भारतीयों को ‘अपमानित’ करने के लिए सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगेंगे, तब तक उन्हें उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी.
इससे पहले मुंबई के लालबाग इलाके में मनसे की ओर से पोस्टर लगा कर चेतावनी दी गई थी. पोस्टर में लिखा गया था कि अगर कोई भी व्यक्ति राज ठाकरे को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेगा तो महाराष्ट्र गुस्से में उठ खड़ा होगा. वहीं, राज ठाकरे के दौरे की जानकारी मिलते ही उत्तर प्रदेश के कई जगहों पर राज ठाकरे के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन भी होने लगा था.
