
PM Modi's US Visit: आज 3 दिन के अमेरिका दौरे पर जाएंगे PM मोदी, ये रहा कार्यक्रम का पूरा शेड्यूल
Zee News
PM Modi's US Visit: अमेरिका दौरे के दौरान पीएम मोदी क्वाड समिट, कोविड ग्लोबल समिट में हिस्सा लेंगे. संयुक्त राष्ट्र महासभा के सत्र को भी संबोधित करेंगे.
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) का अमेरिका दौरा आज से शुरू हो रहा है. पीएम आज सुबह 11 बजे अमेरिका के लिए रवाना होंगे और 26 सितंबर को भारत लौटेंगे. भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर (S Jaishankar) और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल (Ajit Doval) भी उनके साथ इस दौरे पर रहेंगे. अमेरिका में पीएम मोदी संयुक्त राष्ट्र महासभा को भी संबोधित करेंगे.
अपनी इस यात्रा के दौरान पीएम मोदी अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन के साथ 24 सितंबर को व्हाइट हाउस में द्विपक्षीय बैठक में हिस्सा लेंगे. इस बैठक में अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस भी मौजूद होंगी. बता दें कि पीएम मोदी और बाइडन के बीच पिछले 8 महीने के अंदर दो बार वर्चुअल मीटिंग हो चुकी है लेकिन आमने-सामने मुलाकात अब होगी. पीएम की अंतिम बड़ी विदेश यात्रा 2019 नवंबर में हुई थी, जब वह ब्राजील गए थे. हालांकि इस साल मार्च में वह बांग्लादेश के संक्षिप्त दौरे पर गए थे.
