
PM मोदी मंगलवार को जाएंगे लखनऊ, 75 हजार गरीबों को सौंपेंगे आवास की चाबी
Zee News
PM Narendra Modi Lucknow Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को लखनऊ के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के तीन दिवसीय एक्सपो का उद्घाटन करेंगे.
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) मंगलवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचेंगे. पीएम मोदी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आजादी के 75वें वर्ष के मौके पर मनाए जा रहे अमृत महोत्सव के तहत आयोजित ‘नया शहरी भारत: शहरी परिदृश्य में बदलाव’ सम्मेलन-सह-प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे.
PMO के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी (Narendra Modi) उत्तर प्रदेश के 75 जिलों के 75,000 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (PMAY-U) के तहत बने घरों की चाबियां डिजिटल तरीके से सौंपेंगे और प्रदेश में योजना के लाभार्थियों के साथ बातचीत भी करेंगे. इस अवसर पर प्रधानमंत्री, स्मार्ट सिटी मिशन और अमृत के तहत उत्तर प्रदेश की 75 शहरी विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे, फेम (FAME) के दूसरे चरण के तहत लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, झांसी और गाजियाबाद सहित सात शहरों के लिए 75 बसों को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे और एक कॉफी टेबल बुक का विमोचन करेंगे. इस कॉफी टेबल बुक में केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के तहत पूरी की जा चुकीं 75 परियोजनाओं के बारे में जानकारी दी गई है.
