
NHRC के स्थापना दिवस पर बोले PM Modi, बेटियों की सुरक्षा और ट्रिपल तलाक पर कही ये बात
Zee News
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के 28वें स्थापना दिवस (NHRC Foundation Day) कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने कहा कि दशकों से मुस्लिम महिलाएं तीन तलाक के खिलाफ कानून की मांग कर रही थीं. हमने ट्रिपल तलाक के खिलाफ कानून बनाकर, मुस्लिम महिलाओं को नया अधिकार दिया है.
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के 28वें स्थापना दिवस (NHRC Foundation Day) कार्यक्रम में शामिल हुए. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने बेटियों की सुरक्षा और ट्रिपल तलाक का जिक्र किया. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आज महात्मा गांधी के आदर्शों को पूरी दुनिया मानती है और भारत ने पूरी दुनिया के अहिंसा का रास्ता दिखाया है.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने कहा, 'आप सभी को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के 28वें स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई. ये आयोजन आज ऐसे समय हो रहा है, जब हमारा देश अपनी आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है. हमने सदियों तक अपने अधिकारों के लिए संघर्ष किया. एक राष्ट्र के रूप में, एक समाज के रूप में अन्याय-अत्याचार का प्रतिरोध किया. एक ऐसे समय में जब पूरी दुनिया विश्व युद्ध की हिंसा में झुलस रही थी, भारत ने पूरे विश्व को ‘अधिकार और अहिंसा’ का मार्ग सुझाया.'
