MSRTC Strike: महाराष्ट्र में करीब 40 डिपो अभी भी बंद, हाई कोर्ट ने कर्मचारियों को हड़ताल खत्म करने का दिया था निर्देश
ABP News
MSRTC Strike: कर्मचारियों को हड़ताल पर नहीं जाने के बंबई हाई कोर्ट के निर्देश के बावजूद महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम के 40 से अधिक डिपो पर गुरुवार को भी कोई कर्मचारी काम पर नहीं आया.
MSRTC Strike: कर्मचारियों को हड़ताल पर नहीं जाने के बंबई हाई कोर्ट के निर्देश के बावजूद महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) के 40 से अधिक डिपो पर गुरुवार को भी कोई कर्मचारी काम पर नहीं आया. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पूर्वाह्न 10 बजे तक एमएसआरटीसी के 250 डिपो में से करीब 40 डिपो कर्मचारियों की हड़ताल पर होने की वजह से बंद रहे. एमएसआरटीसी के कर्मचारी परिवहन निगम का विलय राज्य सरकार में करने की मांग कर रहे हैं.
कर्मचारी संघों के सूत्रों ने बताया कि एमएसआरटीसी के कर्मचारियों का एक धड़ा नकदी संकट से जूझ रहे निगम का विलय राज्य सरकार से करने की मांग को लेकर 28 अक्टूबर से ही हड़ताल पर है. कर्मचारी संघ के एक नेता ने पहचान गुप्त रखने की शर्त पर बताया कि गुरुवार की सुबह 59 डिपो बंद थे, लेकिन बाद में कुछ डिपो में पूर्वाह्न 10 बजे तक काम दोबारा शुरू हो गया, लेकिन 45 डिपो तब भी बंद थे.