
MSP लागू करने पर केंद्र दे संकेत तो बुधवार को खत्म हो सकता है किसान आंदोलन
Zee News
पंजाब के किसान नेताओं ने केंद्र सरकार से एमएसपी पर 30 नवंबर तक जवाब देने की मांग की है. किसान नेताओं ने एक दिसंबर को एसकेएम की आपात बैठक बुलाई है, जिसमें किसान आंदोलन को लेकर अंतिम फैसला होगा.
नई दिल्लीः संसद में तीन कृषि कानूनों को निरस्त किए जाने को प्रदर्शनकारियों ने अपनी जीत करार दिया. साथ ही पंजाब के किसान नेताओं ने केंद्र से फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) के लिए कानूनी गारंटी सहित अपनी अन्य मांगों पर शीतकालीन सत्र में मंगलवार को फैसला करने का अनुरोध किया.
उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य की रणनीति पर चर्चा करने के लिए संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) ने एक दिसंबर को आपात बैठक बुलाई है. एसकेएम 40 किसान यूनियन का नेतृत्व कर रहा है. इसने अफसोस जताया कि कृषि कानून निरसन विधेयक, 2021 को जब सोमवार को संसद के दोनों सदनों में पारित किया गया, तब उस पर चर्चा करने की अनुमति नहीं दी गई.
