
IPL 2021: आखिरी गेंद पर SRH से जीता हुआ मैच हारा RCB, कोहली ने बताया-कैसे पलटी बाजी?
Zee News
कोहली ने मैच के बाद कहा, 'देव (पडिक्कल) और मैक्सी (मैक्सवेल) ने अच्छा मंच तैयार किया था लेकिन मैक्सवेल का रन आउट होना हमारे लिए अहम लम्हा रहा.
अबुधाबी: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2021 में बुधवार को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच मैच खेला गया, आखिरी गेंद तक खिंचे मुकाबले में केन विलियमसन की कप्तानी वाली SRH ने चार रनों से जीत हासिल की. मैच के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (RCB) के कप्तान विराट कोहली ने कहा कि अहम मौके पर ग्लेन मैक्सवेल का रन आउट होना टर्निंग प्वाइंट रहा. लगातार तीन अर्धशतक जड़ने वाले मैक्सवेल 25 गेंद में 40 रन बनाने के बाद रन आउट हुए.
उन्होंने सलामी बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल (41) के साथ चौथे विकेट के लिए 54 रन की साझेदारी भी की. प्ले आफ के लिए पहले ही क्वालीफाई कर चुकी आरसीबी की टीम बुधवार को 142 रन के हदफ का पीछा करते हुए उमरान (21 रन पर एक विकेट), सिद्धार्थ कौल (24 रन पर एक विकेट), भुवनेश्वर कुमार (25 रन पर एक विकेट) और जेसन होल्डर (27 रन पर एक विकेट) की किफायती गेंदबाजी के सामने छह विकेट पर 137 रन ही बना सकी.
