
INDIAN NAVY पर बड़ा इल्जाम लगाकर अपने ही दावों पर घिरा पाकिस्तान
Zee News
पाकिस्तान की सेना ने अपने एक बयान में कहा है कि उसकी नौसेना ने ‘‘16 अक्टूबर को भारतीय पनडुब्बी का पता लगाया और उसे पाकिस्तानी जलक्षेत्र में घुसने से रोक दिया गया.’’
इस्लामाबादः पाकिस्तान की सेना ने मंगलवार को दावा किया कि उसने पिछले सप्ताह भारत की एक पनडुब्बी को पाकिस्तानी जलक्षेत्र में घुसने से रोक दिया था. पाकिस्तान के दावे पर भारतीय नौसेना ने कहा है कि अगर सबमरीन भेजनी ही होती तो क्या वो समुद्र के तट पर घूमती, वो तो पानी के अंदर काम करती है. इस संबंध में पाकिस्तानी सेना एक बयान में कहा कि घटना 16 अक्टूबर को हुई, जब पाकिस्तानी नौसेना के एक गश्ती विमान ने भारतीय पनडुब्बी की मौजूदगी का पता लगाया. बयान में कहा गया कि नौसेना ने ‘‘16 अक्टूबर को भारतीय पनडुब्बी का पता लगाया और उसे पाकिस्तानी जलक्षेत्र में घुसने से रोक दिया गया.’’
पाक सेना ने एक छोटी वीडियो फुटेज भी जारी की है पाकिस्तान की सेना ने कहा कि मौजूदा सुरक्षा परिदृश्य को देखते हुए पाकिस्तानी नौसेना देश की समुद्री सीमाओं की रक्षा करने के लिए कड़ी निगरानी रख रही है. बयान में कहा गया कि यह इस तरह की तीसरी घटना है, जब भारतीय पनडुब्बी का समय से पहले ही पता लगा लिया गया और उसे रोक दिया गया. सेना ने कथित घटना की एक छोटी वीडियो फुटेज भी जारी की है.
