
IND-PAK क्रिकेट मैच के खिलाफ उतरा ये संगठन, कहा- बॉर्डर पर हो हार-जीत का फैसला
Zee News
वीएचपी का कहना है कि आज कोई सभ्य देश पाकिस्तान में जाकर क्रिकेट खेलने को तैयार नहीं है और अगर पाकिस्तान की टीम को यहां बुलाया तो भारतीय समाज गहरा आक्रोश व्यक्त करेगा.
नई दिल्ली: आईसीसी टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप का आगाज हो चुका है और भारत को अपने सबसे बड़े प्रतिद्वंदी पाकिस्तान के खिलाफ 24 अक्टूबर को मुकाबला खेलना है. लेकिन इस मैच से पहले न सिर्फ खेल के मैदान पर बल्कि सियासी पिच पर भी सरगर्मी काफी बढ़ गई है. भारत में कई लोगों को मानना है कि भारत को किसी भी सूरत में पाकिस्तान के साथ क्रिकेट नहीं खेलना चाहिए.
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पहले ही भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर बयान दे चुके हैं. अब विश्व हिंदू परिषद भी इस मैच के पक्ष में नहीं है. वीएचपी का कहना है कि किसी भी सूरत में भारत-पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच नहीं होना चाहिए. हिंदूवादी संगठन का मानना है कि दोनों देशों के बीच हार-जीत का फैसला क्रिकेट के मैदान पर नहीं बल्कि सीमा पर सेना के द्वारा होना चाहिए.
