
HC के रिटायर्ड जज करेंगे लखीमपुर हिंसा की जांच, इतने दिनों में आएगी रिपोर्ट
Zee News
नोटिफिकेशन के मुताबिक, जांच आयोग को अधिसूचना जारी किए जाने से 2 महीने की मुद्दत के अंदर अपनी जांच पूरी करनी होगी.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की हुकूमत ने लखीमपुर खीरी में 3 अक्टूबर को हुए बवाल और हिंसा की जांच के लिए एक सदस्यीय आयोग का गठन कर दिया है. स्टेट हुकूमत ने इलाहाबाद हाई कोर्ट के रिटायर्ड जज प्रदीप कुमार श्रीवास्तव को पूरे मामले की जांच का जिम्मा सौंपा है. श्रीवास्तव को दो महीने के भीतर इस पूरे मामले की जांच रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है.
इसके लिए स्टेट गवर्नर आनंदीबेन पटेल की तरफ से अधिसूचना जारी की गई है. इसमें कहा गया है कि गवर्नर की राय है कि 3 अक्टूबर को लखीमपुर खीरी में 8 लोगों की मौत की जांच होना जरुरी है. जांच आयोग अधिनियम 1952 की धारा 3 द्वारा हासिल शक्तियों का इस्तेमाल करके राज्यपाल, इलाहाबाद हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज प्रदीप कुमार श्रीवास्तव को एकल सदस्यीय जांच आयोग (जिसका दफ्तर लखीमपुर खीरी में होगा) के रूप में नियुक्त करते हैं.
