
Farmers Protest: 5 सितंबर को मुजफ्फरनगर में किसानों ने बुलाई महापंचायत, लाखों किसान जुटने की उम्मीद
NDTV India
राकेश टिकैत ने बताया बाहर से काफी संख्या में किसान-मजदूर इस पंचायत में पहुंचेंगे. इतनी भीड़ के बीच व्यवस्था बनाए रखना एक बड़ी चुनौती है. इस चुनौती को देखते हुए पांच हजार वालंटियर तैयार किए गए हैं. इन्हें बाकायदा पूरी पड़ताल के बाद आईकार्ड जारी किए जा रहे हैं.
संयुक्त मोर्चा की आह्वान पर 5 सितंबर को मुजफ्फरनगर में किसान महापंचायत (Kian Mahapanchayat) बुलाई गई है. उम्मीद की जा रही है कि इस पंचायत में लाखों किसान जुटेंगे और इससे भी बड़ी बात यह होगी कि इस महापंचायत में देश के हर राज्य का प्रतिनिधित्व होगा. यूपी, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के अलावा कर्नाटक और सुदूर दक्षिण से तमिलनाडु और केरल जैसे राज्यों से भी किसानों की जत्थे आने शुरू हो गए हैं. वहीं, दूसरी ओर गाजीपुर बार्डर पर शुक्रवार को तमिलनाडु और केरल के अलावा दूसरे प्रदेशों से भी किसानों के जत्थे पहुंचे. इस मौके पर राकेश टिकैत ने कहा कि पांच सितंबर की पंचायत को किसान और मजदूर अपनी अस्मिता से जोड़कर देख रहे हैं.











