
DM ने पत्नी पर रंगदारी मांगने का लगाया आरोप, दर्ज कराई आपराधिक शिकायत
Zee News
बिहार में शिवहर जिले के डीएम ने अपनी पत्नी और सास के खिलाफ रंगदारी मांगने समेत 7 गंभीर आरोपों के तहत मामला दर्ज कराया है. इसके अलावा डीएम ने अपनी पत्नी से तलाक के लिए भी अर्जी दे दी है.
पटना: उत्तरी बिहार के शिवहर जिले के डीएम (Sheohar DM) ने शुक्रवार को अपनी पत्नी और सास के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कराया है. शिवहर के डीएम सज्जन राजशेखर (Sajjan Rajasekhar) ने अपनी शिकायत में पत्नी सितारा जीएसएस और सास भारती वेंकटेशन पर रंगदारी और मानहानि समेत 7 गंभीर आरोप लगाए हैं. ये एफआईआर जिले के सिटी थाने में दर्ज कराई गई है.
राजशेखर ने जिला परिवार न्यायालय में तलाक की याचिका भी दायर की है. इससे पहले जून में सितारा ने डीएम के खिलाफ घरेलू हिंसा और दहेज के गंभीर आरोप लगाते हुए मुजफ्फरपुर के सिटी थाने में राजशेखर के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कराया था. राजशेखर ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी और सास-ससुर उससे रंगदारी वसूलने के अलावा मानसिक दबाव भी बना रहे हैं. उन्होंने अपने ऊपर लगे घरेलू हिंसा और दहेज के आरोप को भी पूरी तरह निराधार बताया.
