
Delhi: वाटर कैनन की चपेट में आए भाजपा सांसद Manoj Tiwari, अस्पताल में भर्ती
Zee News
कोरोना केस में बढ़ोतरी न हो इसलिए डीडीएमए ने दिल्ली में छठ पूजा समारोह के आयोजन पर प्रतिबंध लगा दिया. इस फैसले का विरोध करने पहुंचे सांसद मनोज तिवारी वाटर कैनन की चपेट में आकर घायल हो गए.
नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) के आवास के सामने प्रदर्शन के दौरान वाटर कैनन (Water Cannon) की चपेट में आने के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) से सांसद मनोज तिवारी (Manoj Tiwari) को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया. उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सांसद से जुड़े एक सूत्र ने बताया, 'मनोज तिवारी की गर्दन के पास चोटें आई हैं और उनका सफदरजंग अस्पताल में इलाज चल रहा है.'
यह घटना मंगलवार को दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) के राष्ट्रीय राजधानी में छठ पूजा के उत्सव को प्रतिबंधित करने के आदेश को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) नेता के आधिकारिक आवास के सामने बीजेपी के एक प्रदर्शन के दौरान हुई. इस महीने की शुरुआत में डीडीएमए ने कोविड-19 दिशानिर्देशों को जारी किया, जिसके मुताबिक शहर में छठ पूजा (Chhath Puja) समारोह सार्वजनिक स्थानों पर करने से मना कर दिया गया है और लोगों को इसे अपने घरों में मनाने की सलाह दी गई है.
