
Cyclone Gulab Alert: चक्रवात से मुकाबले के लिए आंध्र प्रदेश के 3 जिलों के 86,000 परिवारों को शिफ्ट करने की तैयारी
Zee News
मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट के बीच रविवार को चक्रवाती तूफान और तेज बारिश की आशंका जताई है. इस तूफान का नाम 'गुलाब' रखा गया है.
नई दिल्ली: भारतीय मौसम विभाग (IMD) द्वारा जारी किए गए अलर्ट के अनुसार ओडिशा के गोपालपुर और आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम तटों के बीच से रविवार को ‘गुलाब’ चक्रवात (Gulab Cyclone) के गुजरने की आशंका है. इसी के मद्देनजर बचाव और राहत कार्यों के लिए उत्तर तटीय आंध्र जिलों में एनडीआरएफ (NDRF) के 3 और एसडीआरएफ (SDRF) के 1 दल को तैनात किया गया है.
सरकार की ओर से शनिवार को जारी की गई एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि विशाखापत्तनम, विजयनगरम और श्रीकाकुलम जिलों में निचले इलाकों से लगभग 86,000 परिवारों को राहत शिविरों में शिफ्ट करने की योजना बनाई गई है. श्रीकाकुलम (Srikakulam) में एनडीआरएफ के 2 दलों को तैनात किया गया है जहां चक्रवात का अधिक प्रभाव हो सकता है. इसके अलावा विशाखापत्तनम में 1 दल को तैनात किया गया है.
