
CIVIL SERVICE 2020 RESULT: मुस्लिम समुदाय के 29 उम्मीदवारों को मिली कामयाबी
Zee News
उत्तराखंड की सदफ चौधरी टॉप 25 में शामिल, बिहार के शुभम कुमार ने शीर्ष स्थान हासिल किया. जागृति अवस्थी और अंकिता जैन ने दूसरा और तीसरा मुकाम हासिल किया है.
नई दिल्लीः संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने शुक्रवार को सिविल सर्विसेज परीक्षा, 2020 के नतीजों का ऐलान कर दिया है. बिहार के कटिहार जिले के शुभम कुमार ने इस इम्तिहान में टाॅप किया है जबकि जागृति अवस्थी और अंकिता जैन ने दूसरा और तीसरा मुकाम हासिल किया है. खास बात यह है कि इस इम्तिहान में इस साल कुल 29 मुस्लिम उम्मीदवार भी कामयाब हुए हैं. इनमें उत्तराखंड की सदफ चैधरी ने टाॅप 25 में 23वां मुकाम हासिल किया है.
सदफ चौधरी पहली कोशिश में प्रारंभिक परीक्षा में हो गई थी नाकाम सदफ चौधरी की यह दूसरी कोशिश थी. पहली कोशिश में वह प्रारंभिक परीक्षा में ही कामयाब नहीं हुई थी. मेन्स इम्तिहान में सदफ चौधरी ने राजनीतिक विज्ञान विषय लेकर तैयारी की थी. खास बात यह है कि सदफ ने इस इम्हिान के लिए किसी कोचिंग संस्थान की मदद नहीं ली है. उन्होंने घर पर रहकर सेल्फ स्टडी से यह मुकाम हासिल किया है. वह रोजाना 8 से 10 घंटे पढ़ाई में खर्च करती थीं. सदफ ने बताया कि वह पास करेंगी इसकी बात की उन्हें उम्मीद थी, लेकिन वह टाॅप 25 में शामिल होंगी इसका तस्ववुर उन्होंने नहीं किया था.
