
Building New India में होगी Owaisi से खास बातचीत, पढ़ें कैसा रहा उनका सियासी सफ़र
Zee News
असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लीमीन (AIMIM) के चीफ और हैदराबाद से लोकसभा सीट से सांसद भी हैं. साथ ही वो अपनी पार्टी AIMIM का दायरा बढ़ाने के लिए देश की मुस्लिम बहुल रियासतों में चुनाव भी लड़ रहे हैं.
नई दिल्ली/ Building New India Zee Salaam: हिंदुस्तान में जब भी बेबाक नेताओं का ज़िक्र आता है तो उसमें असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) का नाम सरे-फहरिस्त होता है. अपने बेबाक बयानों से सत्ता को घेरने वाले ओवैसी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लीमीन (AIMIM) के चीफ और हैदराबाद से लोकसभा सीट से सांसद भी हैं. साथ ही वो अपनी पार्टी AIMIM का दायरा बढ़ाने के लिए देश की मुस्लिम बहुल रियासतों में चुनाव भी लड़ रहे हैं. हाल ही में उन्होंने ने बिहार विधानसभा और गुजरात म्युनिसिपल कॉरपोरेशन चुनाव में अपने उम्मीदवारों को उतार था और अब वो उत्तर प्रदेश में अपनी सियासी जमीन के तलाश में लगे हुए हैं.
ओवैसी का जन्म और पढ़ाई असदुद्दीन ओवैसी का जन्म सुल्तान सलाहुद्दीन ओवैसी और नजमुनेस्सा बेगम के यहां हुआ. एक सियासी परिवार से ताल्लुक रखने वाले ओवैसी ने हैदराबाद के निज़ाम कॉलिज से अपनी पढ़ाई पूरी की जिसके बाद वह लंदन चले गए. जहां उन्होंने लिंकनइन में बैचलर ऑफ लॉज़ और बैरिस्टर-एट-लॉ की. ओवैसी के पिता की बात करें तो उनके पिता भी एक कद्दावर सियासतदान थे, वो लगातार 6 बार मेंबर ऑफ़ पार्लियामेंट चुने गए. ओवैसी के पिता सलाहुद्दीन साल 2014 तक एमपी रहे और इसी साल उन्होंने अपने बड़े बेटे असदुद्दीन ओवैसी के हाथों में पार्टी की कमान सौंपी थी.
