
Barabanki Road Accident: मवेशी को बचाने के चक्कर में ट्रक से भिड़ा डबल डेकर बस, 9 की मौत, 26 घायल
Zee News
बाराबंकी सड़क हादसा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाराबंकी में एक सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है.
नितिन श्रीवास्तव/बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में दिल्ली से बहराइच जा रही बस और दूसरी ओर से आ रहे ट्रक में आमने-सामने की टक्कर हो गई. इस दुर्घटना में नौ बस यात्रियों की मौत हो गई है. घटना में करीब 30 यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. इनमें से कई यात्रियों को ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है. हादसे के घायलों की जानकारी के लिए कंट्रोल रूम का नंबर 9454417464 जारी किया गया है. इस नंबर पर हादसे से जुड़ी जानकारी प्राप्त की जा सकती है.
बस और ट्रक के उड़ गए परखच्चे यह पूरा हादसा बाराबंकी के देवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बबुरिया गांव में आज सुबह करीब 5:30 बजे हुआ है. दिल्ली से बहराइच जा रही टूरिस्ट बस जैसे ही देवा कोतवाली क्षेत्र में किसान पथ पर बबुरिया गांव के पास पहुंची तभी सामने से आ रही एक ट्रक से टकरा गई. टक्कर के दौरान रफ्तार इतनी तेज थी कि बस और ट्रक के परखच्चे उड़ गए.
