
AIIMS दिल्ली में बढ़ा टेस्ट करवाने का समय, 500 रुपये तक की जांच हो सकती है मुफ्त
Zee News
कमेटी ने सिफारिश की है कि एम्स दिल्ली में होने वाली रेडियोलॉजिकल जांच जैसे- एमआरआई, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन के टाइम को भी सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक किया जाए.
नई दिल्ली: देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (Delhi) में स्थित ऑल इंडिया इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (AIIMS) में इलाज करवाने वाले मरीजों के लिए अस्पताल प्रशासन की तरफ से राहत भरी खबर आई है. एम्स प्रशासन ने अस्पताल में जांच करवाने के लिए ब्लड सैंपल देने के समय को साढ़े 5 घंटे बढ़ा दिया है. अब एम्स में मरीज जांच करवाने के लिए सुबह 8 बजे से शाम साढ़े 3 बजे तक ब्लड सैंपल दे सकते हैं जो कि पहले सिर्फ सुबह 8 बजे से सुबह 10 बजे तक दो घंटे का ही था.
हालांकि ये बढ़ा हुआ समय सिर्फ सोमवार से शुक्रवार के लिए ही है. शनिवार के दिन ओल्ड OPD के मरीजों का सैंपल सुबह 8 बजे से साढ़े 10 बजे तक और न्यू OPD के मरीजों का सैंपल सुबह 8 से दोपहर 1 बजे तक ही लिया जाएगा.
