
49 लाख रुपए की लूट का 12 घंटे में खुलासा, पड़ोसी ही निकले लुटेरे
Zee News
जांच के क्रम में पता चला कि व्यवसायी के घर के पास ही रहने वाले दशरथ यादव और सन्नी यादव ने, जो रिश्ते में भाई हैं, इस घटना को अंजाम दिया है. इन दोनों का पूर्व से भी काफी लंबा आपराधिक इतिहास रहा है. ये दोनों कई दिनों से गोपाल साह की रेकी कर रहे थे.
Munger: मुंगेर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार को एक व्यवसायी के कर्मचारी से 49 लाख रुपए की लूट के मामले का पुलिस ने 12 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया. पुलिस ने लूट के करीब 44 लाख रुपए भी बरामद कर लिए तथा इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.
दो महिला सहित तीन गिरफ्तार मुंगेर के पुलिस अधीक्षक जे जला रेड्डी ने मंगलवार को पत्रकारों को बताया कि इस मामले में दो महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा लूट के 44 लाख 13 हजार 900 रुपए भी बरामद किए गए हैं. मुंगेर के व्यवसायी गोपाल प्रसाद के एक कर्मचारी से सोमवार को शादीपुर स्थित मस्जिद के समीप अपराधियों ने हथियार के बल पर 49 लाख रुपए तब लूट लिए थे, जब वह बैंक जा रहा था. घटना की सूचना के बाद पुलिस सक्रिय हुई और तकनीकी टीम की भी मदद ली गई.
