
300 करोड़ के फर्जीवाड़े में लॉबिस्ट नीरा राडिया और बहन से होगी पूछताछ, 3 गिरफ्तार
Zee News
दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने बैंक से कर्ज लेकर उसके दुरुपयोग के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. लॉबिस्ट नीरा राडिया (Niira Radia) को पूछताछ के लिए बुलाया गया है.
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस (Delhi Police) की आर्थिक अपराध शाखा ने कथित रूप से 300 करोड़ रूपये से ज्यादा के बैंक लोन (Bank Loan) के गबन के मामले में नीरा राडिया (Niira Radia) और नयति हेल्थकेयर एंड रिसर्च एनसीआर प्राइवेट लिमिटेड के अन्य प्रमोटर्स और निदेशकों को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस भेजा है. अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि सोमवार को नोटिस भेजा गया है.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि नीरा राडिया (Niira Radia) और अन्य से अगले सप्ताह पुलिस के सामने पेश होने को कहा गया है. पुलिस के मुताबिक करोड़ों रुपये के गबन के मामले में गुरुवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया जिनकी पहचान यतीश वहाल, सतीश कुमार नरूला और राहुल सिंह यादव के तौर पर की गई है. उन्होंने कहा कि हड्डी रोग विशेषज्ञ राजीव कुमार शर्मा ने नयति हेल्थकेयर की होल्डिंग कंपनी नारायणी इन्वेस्टमेंट प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ और राडिया, उनकी बहन करुणा मेनन, नरुला, वहाल और अन्य के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी.
