
शिवसेना नेता ने शरद पवार पर दिया ऐसा बयान, महाराष्ट्र की सियासत में आ गया उबाल
Zee News
एनसीपी चीफ शरद पवार को उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महा विकास आघाड़ी सरकार के गठन की नींव और धुरी माना जाता है, जो 2019 के विधान सभा चुनावों के बाद शिवसेना और बीजेपी के बीच संबंधों में खटास के बाद सत्ता में आई.
नई दिल्ली: पूर्व केंद्रीय मंत्री और शिवसेना नेता अनंत गीते ने कहा है कि अपनी पार्टी बनाने के लिए कांग्रेस की पीठ में छुरा घोंपने वाले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) अध्यक्ष शरद पवार शिवसैनिकों के लिए गुरु नहीं हो सकते. उन्होंने यह भी कहा कि शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस के गठबंधन वाली महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार सिर्फ एक समझौता है.
शिवसेना नेता गीते के इस बयान को लेकर महाराष्ट्र में सियासत गर्मा गई है. एक ओर, विपक्षी दल बीजेपी ने दावा किया कि गीते ने शिवसेना कार्यकर्ताओं के विचार व्यक्त किए तो दूसरी ओर एनसीपी के एक नेता ने कहा कि गीते को दरकिनार कर दिया गया है और उनके बयान पर रिएक्ट करने की जरूरत नहीं है. वहीं, शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि शरद पवार सबके नेता हैं.
