
शिंदे vs उद्धव की जंग अभी बाकी है! ठाकरे पर लगा ‘मातोश्री’ से सरकार चलाने का आरोप
Zee News
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे पर तंज कसते हुए कहा है कि केंद्र से अच्छे संबंध रखने की जरूरत होती है, कार्य जमीन पर होता है ऑनलाइन नहीं..
नई दिल्ली: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शनिवार को अपने पूर्व नेता उद्धव ठाकरे पर तंज कसते हुए कहा कि विकास के लिए धन प्राप्त करने के लिए केंद्र से अच्छे संबंधों की जरूरत होती है और काम जमीन पर होता है न कि ऑनलाइन या घर से. एक निजी समाचार चैनल के कार्यक्रम में शिंदे ने ठाकरे पर तंज कसते हुए कहा कि राज्य के लिए अपने अहम को किनारे रखने की जरूरत है. उद्धव वर्ष 2019 से 2022 तक महा विकास आघाडी सरकार में मुख्यमंत्री थे और अकसर उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीत केंद्र सरकार से खींचतान होती थी.
एकनाथ शिंदे ने इस अंदाज में उद्धव पर साधा निशाना राज्य के विकास के लिए केंद्र के साथ अच्छे संबंध पर जोर देते हुए शिंदे ने कहा, 'विकास हासिल करने के लिए जमीन पर काम करने की जरूरत होती है. आप ऑनलाइन या फेसबुक के माध्यम से काम नहीं करा सकते हैं. राज्य के विकास के लिए धन हेतु केंद्र से बात करने के दौरान मुख्यमंत्री को अपने अहम को किनारे रख देना चाहिए.'
