
शातिर चोर! किसान की बाइक से गजब की चालाकी से पार किया रुपयों से भरा बैग, पीड़ित ने भी मानी गलती
Zee News
खरगोन जिले में एक किसान की बाइक पर टंगा 2 लाख रुपये से भरा बैग गायब हो गया. मामला स्थानीय सब्जी मंडी क्षेत्र में एसबीआई बैंक क्षेत्र का है. पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला है.
राकेश जायसवाल/खरगोन: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में एक किसान की बाइक पर टंगा 2 लाख रुपये से भरा बैग गायब हो गया. मामला स्थानीय सब्जी मंडी क्षेत्र में एसबीआई बैंक क्षेत्र का है. पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला है, लेकिन कुछ खास हाथ नहीं लग पाया. पुलिस ने इलाके में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू किए, जिसमें एक संदिग्ध पुलिस को रेकी करता हुआ ट्रेस हुआ है.
कोतवाली टीआई प्रकाश वास्कले का कहना है कि उसी एक सबूत के आधार पर चोरी करने वाले तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने बताया कि खरगोन जिला मुख्यालय से 15 किमी दूर लिक्खी गांव के किसान सुरेश पाटीदार ने पंजाब नेशनल बैंक से दो लाख रुपये निकाले थे, जिसके बाद वह सब्जी मंडी स्थित एसबीआई की शाखा में और पैसे निकालने पहुंचे थे. इस दौरान जब बैंक से वापस बाइक के पास पहुंचे बाइक स्टार्ट नहीं हो रही थी. बाइक का प्लग निकला हुआ था. जब वह बाइक पर पैसों से भरा बैग रखकर पास में ठेले वाले से प्लग निकालने का पूछने लगे इस दौरान अज्ञात बदमाश बैग लेकर रफूचक्कर हो गया.
