
विधानसभा उपचुनाव में सीटों को लेकर महागठबंधन में 'रार', झुकने के मूड में नहीं है कांग्रेस!
Zee News
कुशेश्वरस्थान और तारापुर विधानसभा क्षेत्र से पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में जदयू के प्रत्याशी विजयी हुए थे. कुशेश्वरस्थान से विधायक शशिभूषण हजारी तथा तारापुर के विधायक मेवालाल चौधरी के निधन के बाद दोनों सीटों पर उपचुनाव हो रहा है.
पटना: बिहार में दो विधानसभा क्षेत्रों कुशेश्वरस्थान और तारापुर में होने वाले उपचुनाव को लेकर विपक्षी दलों के महागठंधन के दो प्रमुख घटक दल राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और कांग्रेस आमने-सामने आ गए हैं. दोनों विधानसभा क्षेत्रों से राजद ने अपने प्रत्याशी उतारने की घोषणा कर दी है, जबकि कांग्रेस ने कुशेश्वरस्थान पर अपना दावा ठोंका दिया है. इतना ही नहीं कांग्रेस ने कुशेश्वरस्थान (Kusheshwar Asthan Bypoll) की 'ग्राउंड रिपोर्ट' जानने के लिए एक कमेटी गठित कर दी है. इन दोनों विधानसभा क्षेत्रों में 30 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे, जबकि दो नवंबर को परिणाम घोषित होगा. प्रत्याशी आठ अक्टूबर तक नामांकन का पर्चा दाखिल कर सकते हैं.
JDU के कब्जे में थी दोनों सीट दरअसल, कुशेश्वरस्थान और तारापुर विधानसभा क्षेत्र (Tarapur Bypoll) से पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में जदयू के प्रत्याशी विजयी हुए थे. कुशेश्वरस्थान से विधायक शशिभूषण हजारी तथा तारापुर के विधायक मेवालाल चौधरी के निधन के बाद दोनों सीटों पर उपचुनाव हो रहा है. पिछले विधानसभा चुनाव में परिणाम की बात करें तो कुशेश्वरस्थान से JDU के प्रत्याशी हजारी ने कांग्रेस के प्रत्याशी अशोक कुमार को करीब सात हजार मतों से पराजित किया था, जबकि तारापुर में जदयू के प्रत्याशी मेवालाल चैधरी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी राजद के दिव्या प्रकाश को 72225 मतों से पराजित किया था.
