
वानखेड़े की पत्नी ने कहा- "हम डर के साए में जी रहे हैं"; लगाया बड़ा इल्जाम
Zee News
समीर वानखेड़े की पत्नी क्रांति रेडकर ने मंगलवार को अपने पति का समर्थन किया और वानखेड़े के खिलाफ महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक लगाये गए आरोपों को खारिज किया.
मुंबईः स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) के क्षेत्रीय निदेशक समीर वानखेड़े की पत्नी क्रांति रेडकर ने मंगलवार को अपने पति का समर्थन किया और वानखेड़े के खिलाफ महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक लगाये गए आरोपों को खारिज किया. रेडकर ने साथ ही कहा कि परिवार को धमकी भरे फोन आ रहे हैं, उन्हें ऑनलाइन ट्रोल किया जा रहा है और वे भय में जी रहे हैं. वानखेड़े की पत्नी और अभिनेत्री क्रांति रेडकर ने उपनगरीय अंधेरी में मीडिया से बात करते हुए अपने पति को एक ईमानदार सरकारी अधिकारी बताया और मुंबई क्रूज मादक पदार्थ मामले में एनसीबी के एक गवाह द्वारा जबरन वसूली के प्रयास के किये गए दावे का खंडन किया. इस मामले की निगरानी वानखेड़े द्वारा की जा रही है. बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान मामले के सिलसिले में गिरफ्तार किए गए 20 लोगों में शामिल हैं. यह मामला इस महीने की शुरुआत में मुंबई तट के पास से एक क्रूज जहाज से मादक पदार्थ की कथित जब्ती से संबंधित है.
एक वर्ग उनके पति के खिलाफ काम कर रहा है रेडकर ने दावा किया कि एक वर्ग उनके पति के खिलाफ काम कर रहा है. उन्होंने कहा कि मेरे पति एक ईमानदार अधिकारी हैं और पिछले 15 वर्षों से ईमानदारी से अपना कर्तव्य निभा रहे हैं. समीर किसी राजनीतिक दल से नहीं जुड़े हैं, वह केंद्र सरकार के एक कर्मचारी हैं और अपना काम कर रहे हैं, कुछ लोगों को उनके काम से समस्या हो रही है जिसके चलते सब कुछ (वानखेड़े के खिलाफ आरोपों से संबंधित विवाद) हो रहा है.’’ रेडकर ने कहा, ‘‘जो लोग समीर के खिलाफ हैं, वे हमें यह कहते हुए धमका रहे हैं कि वे हमें जला देंगे और हमारे परिवार को मार देंगे लेकिन पुलिस ने हमें सुरक्षा दी है और वे हमारी बहुत अच्छी देखभाल कर रही है.’’
