
लड़की ने पहने थे छोटे कपड़े, invigilator ने नहीं दी एंट्रेंस एग्जाम देने की इजाजत, चादर से ढकना पड़ा पांव
Zee News
लड़की असम कृषि विश्वविद्यालय (एएयू) का दाखिला इम्तिहान देने तेजपुर पहुंची थी. वह बिना किसी रोकटोक के परीक्षा स्थल पर पहुंच गई, लेकिन परीक्षा हॉल में मौजूद परीक्षा निरीक्षक ने उसके शॉर्ट्स पहने होने पर आपत्ति जताई और परीक्षा देने कर इजाजत नहीं दी.
गुवाहाटीः असम के तेजपुर में परीक्षा देने पहुंची 19 वर्षीय एक लड़की को तब पर्दे से अपने पैर ढकने पड़े जब परीक्षा निरीक्षक ने उसके शॉर्ट्स पहनकर आने पर ऐतराज जताया. इस घटना से विवाद खड़ा हो गया है और विश्वविद्यालय अधिकारियों को जांच का आदेश देना पड़ा है. लड़की के परिजनों ने हालांकि कहा कि वे अपनी बेटी के शैक्षिक भविष्य को ध्यान में रखते हुए मामले को तूल नहीं देना चाहते. घटना बुधवार को तब हुई जब लड़की अपने गृहनगर बिस्वनाथ चरियाली से असम कृषि विश्वविद्यालय (एएयू) का दाखिला इम्तिहान देने तेजपुर पहुंची थी. वह बिना किसी रोकटोक के परीक्षा स्थल पर पहुंच गई, लेकिन परीक्षा हॉल में मौजूद परीक्षा निरीक्षक ने उसके शॉर्ट्स पहने होने पर आपत्ति जताई.
परीक्षा निरीक्षक ने नहीं दी परीक्षा देने की इजाजत लड़की के पिता बाबुल तामुली ने शुक्रवार को बताया कि जब गिरिजानंद चैधरी इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्यूटिकल साइंसेज (जीआईपीएस) में परीक्षा निरीक्षक ने उनकी बेटी से यह कहा कि उसे शॉर्ट्स पहनकर परीक्षा में बैठने की इजाजत नहीं दी जाएगी तो उसने अधिकारियों के सामने मामला उठाया क्योंकि प्रवेश पत्र में ड्रेस कोड का कोई जिक्र नहीं था. उन्होंने कहा कि उनकी बेटी ने यह भी बताया कि वह हाल में शॉर्ट्स पहनकर नीट परीक्षा में भी बैठी थी. परीक्षा निरीक्षक पर जब कोई असर नहीं पड़ा तो लड़की परीक्षा केंद्र के बाहर मौजूद अपने पिता के पास पहुंची और संबंधित मामले की जानकारी दी.
