
'लड़की के साथ फोटो वायरल करने की मिली थी धमकी', नरेंद्र गिरि के सुसाइड नोट के 20 खुलासे
Zee News
निरंजनी अखाड़े के महंत और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद (Akhada Parishad) के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि (Mahant Narendra Giri) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मामला लगातार उलझता ही जा रहा है. अब उनके सुसाइड नोट से चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं.
प्रयागराज: निरंजनी अखाड़े के महंत और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद (Akhada Parishad) के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि (Mahant Narendra Giri) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की गुत्थी लगातार उलझती ही जा रहा है. इस पूरे मामले को लेकर एक के बाद एक कई खुलासे हो रहे हैं. उनका शव उत्तर प्रदेश के प्रयागराज स्थित बाघंबरी मठ के कमरे से फांसी के फंदे से लटकता मिला था. शव के पास मिले सुसाइड नोट में शिष्य आनंद गिरि (Anand Giri) समेत कई लोगों के नाम थे. महंत के कमरे से मिले सुसाइड नोट में लिखा है कि उन्हें लड़की के साथ फोटो वायरल करने की धमकी दी जा रही थी.
महंत नरेंद्र गिरि की मौत के बाद मिले सुसाइड नोट में कई चौंकाने वाली बातें लिखीं हैं. इसमें स्पष्ट लिखा है कि वे 13 सिंतबर को ही आत्महत्या करना चाहते थे, लेकिन हिम्मत नहीं कर पाए. खास बात है कि जो चिट्ठी पुलिस को मिली है वो 13 तारीख को ही लिख दी गई थी, बाद में तारीख को काट कर फिर 20 सिंतबर लिखा गया था. नरेंद्र गिरी ने इस सुसाइड नोट में 5 बार मौत के जिम्मेदारों का नाम लिखा था. इनमें सबसे संदिग्ध व्यक्ति आनंद गिरी, आद्या तिवारी, संदीप तिवारी सहित कई लोगों का नाम शामिल है.
