
लखीमपुर हिंसा के विरोध में 26 अक्टूबर को लखनऊ में महापंचायत का ऐलान, 18 को रेल रोको आंदोलन
Zee News
संयुक्त किसान मोर्चा ने यह भी मांग की है कि केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी को मोदी मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाए और द्वेष फैलाने, हत्या और षडयंत्र के आरोप में उन्हें गिरफ्तार किया जाए.
नई दिल्ली: लखीमपुर खीरी हिंसा को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं ने शनिवार को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस किया. इस पीसी में संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से कहा गया कि लखीमपुर हत्याकांड के विरोध में एक राष्ट्रव्यापी आंदोलन चलाया जाएगा. आंदोलन के तहत 18 अक्टूबर को रेल रोको आंदोलन और 26 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में किसान महापंचायत होगी.
संयुक्त किसान मोर्चा ने यह भी मांग की है कि केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी को मोदी मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाए और द्वेष फैलाने, हत्या और षडयंत्र के आरोप में उन्हें गिरफ्तार किया जाए. इसके साथ हत्या के आरोपी उनके बेटे आशीष मिश्रा की गिरफ्तारी भी हो. संयुक्त किसान मोर्चा ने चेतावनी दी है कि 11 अक्टूबर तक यदि उनकी मांगों को स्वीकार नहीं किया गया तो देशव्यापी विरोध प्रदर्शन शुरू किए जाएंगे.
