
लखीमपुर हिंसाः 6 घंटे की लंबी पूछताछ के बाद हो सकती है केंद्रीय मंत्री के बेटे की गिरफ्तारी
Zee News
लखीमपुर के बीजेपी दफ्तर में भी केंद्रीय मंत्री के समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की. बाद में केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा टेनी ने BJP दफ्तर की बालकनी में आकर समर्थकों से शांत कराया.
नई दिल्लीः उत्तर प्रदेश के लखीमपुर जिले में हुई हिंसा के सातवें दिन मुख्य आरोपी और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र के बेटे आशीष को गिरफ्तार किया जा सकता है. शनिवार को आशीष क्राइम ब्रांच के सामने पेश हुए थे. उन्हें क्राइम ब्रांच के ऑफिस में 11 बजे बुलाया गया था, लेकिन वह 10:36 पर ही पहुंच गए. इसके बाद करीब 6 घंटे की लंबी पूछताछ के बाद आशीष को गिरफ्तार किया जा सकता है. कोर्ट में भी उनकी पेशी हो सकती है.
आशीष ने पेश किए कई वीडियो मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो आशीष मिश्र से 6 लोगों की टीम पूछताछ कर रही है. लखीमपुर में क्राइम ब्रांच के दफ्तर में आशीष मिश्रा से मजिस्ट्रेट के सामने सवाल-जवाब हो रहे हैं. आशीष मिश्र अपने वकील के साथ मौजूद हैं. पूछताछ में डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल और लखीमपुर के एसडीएम भी पूछताछ में शामिल हैं. आशीष मिश्रा ने अपने पक्ष में कई वीडियो पेश किए. उन्होंने 10 लोगों के बयान का हलफनामा भी पेश किया, जो बताते हैं कि वो काफिले के साथ नहीं था, दंगल मैदान में था.
