
लखीमपुर खीरी में भड़की आग पर योगी सरकार ने 20 घंटों में कैसे पाया काबू? यहां है पूरी टाइमलाइन
Zee News
लखीमपुर खीरी में 3 अक्टूबर की शाम आंदोलनरत किसानों और भाजपा नेता अजय मिश्रा टेनी के कार्यकर्ताओं के बीच जिस तरह की हिंसा भड़की थी, कोई सोच भी नहीं सकता था कि योगी सरकार उस पर 20 घंटे में काबू पा लेगी. लखीमपुर से उठी चिंगारी से पूरे देश में हिंसा भड़कने की आशंका थी.
लखनऊ: लखीमपुर खीरी में 3 अक्टूबर की शाम आंदोलनरत किसानों और भाजपा नेता अजय मिश्रा टेनी के कार्यकर्ताओं के बीच जिस तरह की हिंसा भड़की थी, कोई सोच भी नहीं सकता था कि योगी सरकार उस पर 20 घंटे में काबू पा लेगी. लखीमपुर से उठी चिंगारी से पूरे देश में हिंसा भड़कने की आशंका थी. इस बात का डर तब और बढ़ा जब हमेशा की तरह इस बार भी राजनीतिक दलों ने घटना में अपने लिए सियासी लाभ तलाशना शुरू कर दिया.
रात होते-होते कांग्रेस, सपा, बसपा, टीएमसी, आम आदमी पार्टी, रालोद सहित अन्य दलों के नेताओं ने मुद्दे को बढ़ाना शुरू किया. प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव, सतीश चंद्र मिश्रा, जयंत चौधरी, शिवपाल यादव, संजय सिंह समेत अन्य कई नेताओं ने लखीमपुर खीरी कूच करने का ऐलान कर दिया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मौके की नजाकत को बखूबी भांपा और अपना गोरखपुर दौरा रद्द कर तुरंत राजधानी लखनऊ के लिए रवाना हो गए.
