
रोजाना 200 किसानों का जंतर-मंतर जाने का रास्ता साफ, अर्धसैनिक बलों की 5 कंपनियां होंगी तैनात
NDTV India
सूत्रों के मुताबिक, किसान सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर जंतर-मंतर पहुंचेंगे, जहां उन्हें चर्च साइड की तरफ शांतिपूर्ण तरीके से बैठाया जाएगा. जंतर-मंतर और किसानों की सुरक्षा के मद्देनजर दिल्ली पुलिस के अलावा अर्धसैनिक बलों की 5 कंपनियां वहां तैनात की जाएंगी.
संसद के मानसून सत्र (Monsoon Session of Parliament) के बीच अब किसानों के जंतर-मंतर आने का रास्ता साफ हो गया है. दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, करीब 200 के आसपास किसान कल बसों के जरिये जंतर- मंतर आएंगे और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे. किसानों की बस पुलिस निगरानी में ही जंतर-मंतर पहुंचेगी. भीड़ और किसानों के आंदोलन को देखते हुए जंतर-मंतर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये जा रहे हैं. हालांकि, दिल्ली पुलिस ने आधिकारिक तौर पर प्रदर्शन के लिए परमिशन को लेकर अब तक कुछ नहीं कहा है.











