
राष्ट्रीय समस्या बनी Online Game की लत, पैरेंट्स के लिए है खतरे की घंटी?
Zee News
ये खबर उन करोड़ों माता पिता के लिए है जो अपने बच्चों की ऑनलाइन गेम (Online Game) खेलने की लत से परेशान हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार ने तमाम स्कूलों और पैरेंट्स के लिए एक एडवाइजरी जारी की है, जिसमें कहा गया है कि ऑनलाइन गेम खेलने वाले बच्चों पर विशेष नजर रखी जाए.
नई दिल्ली: भारत में 23 वर्ष तक के 88 प्रतिशत युवा मानते हैं कि वो समय बिताने के लिए किसी भी दूसरी गतिविधि के मुकाबले ऑनलाइन गेम (Online Game) खेलना ज्यादा पसंद करते हैं. शौक के लिए या समय बिताने के लिए कुछ देर के लिए ऑनलाइन गेम खेलने में कोई बुराई नहीं है. लेकिन समस्या तब पैदा होती है, जब ये शौक एक बुरी आदत में बदल जाता है, जिसे गेमिंग एडिक्शन (Gaming Addiction) कहते हैं.
इसी को ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार ने तमाम स्कूलों और पैरेंट्स के लिए एक एडवाइजरी जारी की है, जिसमें कहा गया है कि ऑनलाइन गेम खेलने वाले बच्चों पर विशेष नजर रखी जाए. लेकिन भारत में ये समस्या सिर्फ किसी एक राज्य या शहर की नहीं है, भारत के करोड़ों मां बाप अपने बच्चों की इस लत से परेशान हैं. इसलिए पहले दिल्ली के स्कूलों और इन स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के माता पिता के लिए जारी की गई एडवाइजरी के बारे में आपको बताते हैं. फिर हम ये सवाल उठाएंगे कि ऑनलाइन गेमिंग की लत एक राष्ट्रिय समस्या में क्यों बदल गई है और इससे बचने के लिए क्या किया जा सकता है?
