
राज्यों में मुख्यमंत्री बदलने पर शिवसेना का तंज, कहा- 'मोदी है तो मुमकिन है'
Zee News
शिवसेना ने एक ओर सामना के जरिये बीजेपी (BJP) पर तंज कसा है. वहीं संजय राउत ने कहा, 'हमारी कमिटमेंट वाली सरकार है जो 5 साल चलेगी. बीजेपी में ऐसे लोग है जो शिवसेना भवन को तोड़ने की बात करते हैं. कुछ मारपीट की बात करते हैं. गठबंधन हमने नहीं उन्होंने तोड़ा है.'
मुंबई: शिवसेना (Shiv Sena) ने अपने मुख्यपत्र सामना के जरिए बीजेपी पर तंज कसा है. सामना में प्रकाशित एडिटोरियल में लिखा गया है कि जेपी नड्डा (JP Nadda) को बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के बाद से पार्टी में लगातार बदलाव हो रहे हैं और ये सिलसिला अभी तक रुका नहीं है.
प्रधानमंत्री मोदी के मन में जो है, वो जेपी नड्डा के जरिए करवाया जा रहा है. लेख के मुताबिक, 'नड्डा के ही जरिए उत्तराखंड व कर्नाटक के मुख्यमंत्री बदले गए. गुजरात का मुख्यमंत्री भी एक झटके में बदल दिया गया. गुजरात में तो पूरा मंत्रिमंडल ही एक झटके में बदल दिया गया. जिन 24 मंत्रियों ने शपथ ली है, वे सभी पहली ही बार मंत्री बने हैं. मोदी-नड्डा ने ऐसा झटका दिया है कि राजनीति में कुछ भी असंभव नहीं है.'
