
रस्किन बांड की रचनाएं अगर आपको है पसंद, तो पढ़िए उनका नया संकलन ‘राइटिंग फॉर माय लाइफ’
Zee News
इस किताब का प्रकाशन पेंग्विन रैंडम हाउस इंडिया ने किया है. इससे पहले रस्किन बांड का संकलन ‘द बेस्ट ऑफ रस्किन बांड’ 25 साल पहले आया था.
नई दिल्लीः विख्यात लेखक रस्किन बांड की एक नई किताब ‘राइटिंग फॉर माय लाइफ’ का सोमवार को इजरा किया गया. इसमें लेखक की कई बेहतरीन कहानी, लेख, कविता और संस्मरण को एक जगह संकलित किया गया है. इस किताब का नाम ‘राइटिंग फॉर माय लाइफः द वेरी बेस्ट ऑफ रस्किन’ है और इसका प्रकाशन पेंग्विन रैंडम हाउस इंडिया ने किया है. इससे पहले उनका संकलन ‘द बेस्ट ऑफ रस्किन बांड’ 25 साल पहले आया था. किताब के परिचय में लेखक ने लिखा है कि पहला वाला संकलन अब भी पाठकों के बीच लोकप्रिय है. लेकिन उसमें कई चीजें नहीं थी और हाल के वर्षों में उन्होंने कई कहानी, लेख, कविताएं और संस्मरण लिखे, जिससे ‘बेस्ट’ का संकलन बन सकता है और उन्होंने खुद से ही अपनी कुछ पसंदीदा रचनाओं को इसमें शामिल किया है.
कई पुरस्कारों से सम्मानित किए जा चुके हैं रस्किन बांड लेखक रस्किन बांड का जन्म हिमाचल प्रदेश के कसौली में हुआ था और उनका बचपन जामनगर, देहरादून, नई दिल्ली और शिमला में बीता है. उन्हें साहित्य अकादमी पुरस्कार, साहित्य अकादमी का बाल साहित्य पुरस्कार, पद्म श्री और पद्म भूषण समेत कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है.
