
यूपी सरकार का जून में एक करोड़ लोगों को कोरोना का टीका लगाने का लक्ष्य, यूं चलेगा महाअभियान..
NDTV India
वैक्सीनेशन महाभियान के तहत कम आबादी वाले जिलों के लिए रोजाना कम से कम एक हजार टीकाकरण का लक्ष्य तय किया गया है. बड़े जिलों में एक से दो अतिरिक्त कार्य स्थल पर कोविड वैक्सीनेशन सेंटर (CVC) बनाए जाएंगे. सरकारी कर्मचारियों और फ्रंटलाइन वर्कर्स को वैक्सीनेशन में प्राथमिकता दी जाएगी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद वैक्सीनेशन महाभियान पर नजर रख रहे हैं.
कोरोना के खिलाफ उत्तर प्रदेश में अब पूरे जून माह सघन टीकाकरण अभियान छेड़ा जाएगा. यूपी सरकार मंगलवार से बड़े वैक्सीनेशन अभियान का 'मंगल आगाज' करने जा रही है. इस 'महाअभियान' के अंतर्गत जून के महीने में ही सरकार कोविड वैक्सीन की एक करोड़ डोज लगाने की तैयारी में है. इस अभियान के लिए सरकार ने हर स्तर पर तैयारी पूरी कर ली है. राज्य के 75 जिलों के गांव, गली, मोहल्लों से लेकर शहर तक चलने वाले इस अभियान के जरिये योगी सरकार कोरोना के खिलाफ यूपी को अभेद्य कवच से लैस करने की योजना पर काम कर रही है. मंगलवार से शुरू हो रहे इस महाअभियान की निगरानी अलग-अलग जिलों में योगी सरकार के विधायक, मंत्री और अधिकारी करेंगे.











