यूपी: कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली सूची में 40 फीसदी महिलाएं, उन्नाव पीड़िता की मां को भी टिकट
The Wire
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने डिजिटल संवाददाता सम्मेलन में 125 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की और विशेष रूप से 50 महिला प्रत्याशियों के नामों का उल्लेख किया. कुछ महीने पहले ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ अभियान शुरू करते हुए प्रियंका गांधी ने घोषणा की थी कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को देगी.
नई दिल्ली: कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपने 125 उम्मीदवारों की पहली सूची बृहस्पतिवार को जारी की, जिसमें 40 प्रतिशत महिलाएं शामिल हैं. पार्टी ने उन्नाव सामूहिक बलात्कार मामले की पीड़िता की मां को भी टिकट दिया है. इनमें से अधिकांश महिलाएं पहली बार चुनाव मैदान में उतरेंगी.
पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने डिजिटल संवाददाता सम्मेलन के माध्यम से उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की और विशेष रूप से 50 महिला उम्मीदवारों के नामों का उल्लेख किया.
कुछ महीने (अक्टूबर 2021) पहले ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ अभियान आरंभ करते हुए प्रियंका गांधी ने घोषणा की थी कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को देगी.
पार्टी ने उत्तर प्रदेश के लिए जो पहली सूची जारी की है, उनमें पार्टी विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’, पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस खुर्शीद के साथ ही सदफ जाफर और विभिन्न क्षेत्रों में संघर्षरत कई अन्य महिलाएं शामिल हैं.