
मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा को बदलने को लेकर अटकलें फिर तेज
NDTV India
बोम्मई ने मुख्यमंत्री को बदलने और जून में विधायक दल की बैठक बुलाए जाने की खबरों को ‘गैर-आधिकारिक’’ और ‘‘अटकलें’’ करार दिया. सोमन्ना ने कहा कि मुख्यमंत्री की सीट खाली नहीं है और येदियुरप्पा अपने पद पर मजबूत के साथ बने हुए है. शेट्टार ने कहा कि राज्य या केंद्रीय नेतृत्व के स्तर पर नेतृत्व के बारे में ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई है. खबरों के मुताबिक, पर्यटन मंत्री सीपी योगेश्वर और भाजपा हुबली-धारवाड़ (पश्चिम) के विधायक अरविंद बेलाड दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं.
कोविड-19 की दूसरी लहर से जूझ रहे कर्नाटक में बुधवार को ऐसी अटकले तेज हो गई कि मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा को बदलने के लिए सत्तारूढ़ भाजपा के भीतर कुछ कदम उठाये जा रहे है. कुछ मंत्रियों और विधायकों ने पहली बार इस तरह के कदमों को खुले तौर पर स्वीकार किया, ताकि कर्नाटक भाजपा के मजबूत नेता को हटाने को लेकर दबाव बनाया जा सके. हालांकि मुख्यमंत्री के करीबी माने जाने वाले कई विधायकों ने इस तरह के बदलाव की आवश्यकता पर सवाल उठाते हुए कहा कि 78 वर्षीय दिग्गज नेता अपना कार्यकाल पूरा करेंगे और दो साल बाद अगले चुनावों के दौरान पार्टी का नेतृत्व भी करेंगे. राजस्व मंत्री आर अशोक ने एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘मुझे दिल्ली में कई (विधायकों) के डेरा डालने की जानकारी मिली है, मुझे आज भी कई जगहों पर होने वाली बैठकों के बारे में पता चला है. मैंने मीडिया में देखा है कि कई मंत्री भी इसका हिस्सा हैं... यह सच है कि इस तरह की चर्चा हो रही है.''











