
महिला के खाते से 50 हजार की अवैध निकासी, ऑनलाइन खाना बुक करने के समय हुआ धोखा
Zee News
Danapur Samachar: अगर आप किसी रेस्टोरेंट या होटल से ऑनलाइन खाना बुक कर रहे हैं तो सावधान हो जाइए. ऐसा इसलिए क्योंकि ऑनलाइन खाने के ऑर्डर पर साइबर अपराधियों की नजर है और इस दौरान वो आपके खाते को खाली कर सकते हैं.
Danapur: अगर आप होटल या रेस्टोरेंट में खाना खाने के शौकीन हैं और ऑनलाइन ऑर्डर (Online Order) करते हैं तो जरा सावधान हो जाइए. ऐसा हो सकता है कि ऑनलाइन बुकिंग के दौरान आपके खाते से पैसों की अवैध निकासी (Illegal Withdrawal of Money) हो सकती है, जिससे आपका खाता खाली भी हो सकता है. एक ऐसा ही मामला सामने आया है दानापुर में जहां साइबर अपराधियों (Cyber Crime) ने खाने का ऑर्डर करने के दौरान एक महिला के खाते से पचास हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली.
बुकिंग के दौरान हुई अवैध निकासी बताया जा रहा है कि दानापुर के रूपसपुर थाना क्षेत्र के गोला रोड की रहने वाली रेनू कुमारी ने खाने के लिए एक रेस्टोरेंट में आर्डर दिया. इस दौरान उन्होंने बुकिंग के लिए पैसे का ऑनलाइन पेमेंट किया लेकिन कुछ देर बाद उनके खाते से दो बार और निकासी हुई, जिसमें कुल पचास हजार रुपये खाते से निकाले गए थे. रेनू ने पहले रेस्टोरेंट वाले से इसकी जानकारी की, लेकिन उसने घटना को लेकर अनभिज्ञता जाहिर कर दी. इसके बाद फिर रेनू ने बैंक में फोन किया. इसके बाद इस बात की जानकारी हुई कि खाते से दो बार में पचास हजार रुपये ऑनलाइन निकाले गए हैं, जिसके बाद रेनू के होश उड़ गए और उन्होंने तत्काल बैंक में इसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई.
