
भारत में ब्लैक फंगस के 40,845 मामले सामने आ चुके हैं : हर्षवर्धन
NDTV India
हर्षवर्धन ने कहा कि आज लगातार 46वें दिन नए संक्रमितों की तुलना में ठीक होने वालों की संख्या अधिक रही. उन्होंने कहा कि देश में मृत्यु दर 1.30 प्रतिशत, दैनिक संक्रमण दर 2.94 प्रतिशत और साप्ताहिक संक्रमण दर भी 2.94 प्रतिशत रही है, जो 21 दिनों से लगातार 5 प्रतिशत से नीचे है. बयान के अनुसार, मंत्री समूह ने कोविड-19 संबंधी दिशा-निर्देशों और समुचित आचरण के पालन पर जोर दिया.
देश में अब तक ब्लैक फंगस या म्यूकरमाइकोसिस के कुल 40,845 नए मामले सामने आ चुके हैं, जबकि इस संक्रमण के चलते 3,129 लोगों की मौत हो चुकी है. केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने सोमवार को यह जानकारी दी. कोविड-19 को लेकर उच्च स्तरीय मंत्रिसमूह की 29वीं बैठक की अध्यक्षता करने वाले हर्षवर्धन ने सदस्यों को बताया कि कुल संक्रमितों में से 34,940 (85.5 प्रतिशत) को कोरोना वायरस संक्रमण और 26,187 (लगभग 64.11 प्रतिशत) मरीजों को मधुमेह रोग था जबकि 21,523 (52.69 प्रतिशत) संक्रमितों को स्टेरॉयड दिया गया था.











