
भारत में एक बार फिर 24 घंटे में सबसे ज़्यादा 3,86,452 नए कोविड-19 केस दर्ज, एक दिन में 3,498 की मौत
NDTV India
लगातार 9वें दिन तीन लाख से ज़्यादा कोरोना मामले दर्ज किए गए हैं. साढ़े तीन लाख से ज़्यादा केस आते हुए लगातार तीसरा दिन है. अकेले अप्रैल में अब तक 66,13,641 नए केस आए जबकि इस महीने में अब तक 45,862 मौतें हुई हैं.
भारत में कोरोनावायरस (Coronavirus) के नए मामलों पर लगाम लगते हुए नहीं दिख रही है. शुक्रवार को देश में कोरोना के 3.8 लाख से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं. स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी पिछले 24 घंटे के आंकड़ों के मुताबिक, देश में 3,86,452 नए कोविड-19 केस दर्ज हुए. साथ ही बीते 24 घंटे में 3,498 लोगों की मौत हुई है. एक दिन में कोरोना वायरस के मामलों का यह अब तक सबसे बड़ा आंकड़ा है. 3.8 लाख नए मामले आने के साथ देश में कोरोना के कुल मामले 1,87,62,976 हो गए जबकि 2,08,330 मरीज वायरस की वजह से अब तक जान गंवा चुके हैं.











