
भारत टैलेंट का पॉवर हाउस, विकास में दुनिया बने साझेदार: नरेंद्र मोदी
Zee News
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुबई एक्सपो 2020 (Dubai Expo 2020) में भारत के पवेलियन के शुभारंभ पर संबोधित किया. एक अक्टूबर से 31 मार्च 2022 तक चलने वाले 'दुबई एक्सपो 2020' में भारतीय पवेलियन पूरी दुनिया को आकर्षित कर रहा है.
नई दिल्ली: दुबई एक्सपो 2020 (Dubai Expo 2020) में भारत के पवेलियन के शुभारंभ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने कहा, भारत इस एक्सपो में सबसे बड़े पवेलियन में से एक के साथ भाग ले रहा है. मुझे यकीन है कि यह एक्सपो यूएई और दुबई के साथ हमारे गहरे और ऐतिहासिक संबंधों को और मजबूत करने में काफी मदद करेगा. उन्होंने कहा, भारत अवसरों का देश है. भारत आएं और इन अवसरों का पता लगाएं.
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने कहा, एक्सपो में खुलापन, अवसर और विकास भारत की थीम है. तमाम देशों को भारत में आने और निवेश करने के लिए आमंत्रित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, भारत आएं और हमारी विकास गाथा का हिस्सा बनें. उन्होंने कहा, भारत अपनी जीवंतता और विविधता के लिए प्रसिद्ध है. प्रतिभाओं का महाशक्ति है भारत. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, पिछले 7 वर्षों में भारत सरकार ने आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए कई सुधार किए हैं. इस समय भारत अमृत महोत्सव मना रहा है. आइये विश्व को एक सर्वश्रेष्ठ स्थान बनाए.
