
भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था को कौन बना रहा निशाना? जानें क्या है पूरा माजरा
Zee News
भाजपा ने अमेरिकी कारोबारी जॉर्ज सोरोस पर हमला बोला है. केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था को ‘निशाना’ बनाने का आरोप लगाया है. उन्होंने ये कहा है कि सोरोस भारत के लोकतंत्र को तबाह करना चाहते हैं.
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को अमेरिकी अरबपति निवेशक जॉर्ज सोरोस पर जोरदार हमला करते हुए उन पर न केवल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बल्कि भारतीय लोकतांत्रिक प्रणाली को भी निशाना बनाने का आरोप लगाया. वरिष्ठ भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने संवाददाताओं से कहा कि सोरोस का ऐलान भारत के खिलाफ युद्ध थोपने जैसा है और इस युद्ध तथा भारत के हितों के बीच में मोदी खड़े हैं.
भारतीय लोकतंत्र को तबाह करना चाहते हैं सोरोस? उन्होंने कहा कि सभी को एक स्वर में सोरोस की टिप्पणी की निंदा करनी चाहिए. ईरानी ने आरोप लगाया कि सोरोस भारतीय लोकतंत्र को तबाह करना चाहते हैं और चाहते हैं कि यहां कुछ 'चुनिंदा' लोग सरकार चलाएं. उन्होंने कहा, 'हिंदुस्तान की सरकार और प्रधान सेवक नरेन्द्र मोदी ऐसे गलत इरादों के सामने नहीं झुकेंगे. जब-जब हिंदुस्तान को चुनौती दी गई, हमने विदेशी ताकतों को पहले भी हराया है और आगे भी हराते रहेंगे.'
